ठाणे में ट्रैफिक पुलिस की स्कूटी पर नहीं थी नंबर प्लेट, छात्र ने उठाए सवाल तो भिड़ गए वर्दी वाले

महाराष्ट्र के ठाणे में ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक छात्र और दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच चालान को लेकर जमकर बहस हो गई। दरअसल, छात्र का आरोप है कि हेलमेट न पहनने पर पुलिस ने उसका चालान काट दिया, लेकिन खुद पुलिसकर्मी बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी चला रहे थे। छात्र ने जब यह देखा तो उसने पुलिस की स्कूटी रोक ली और सवाल करने लगा, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
यह घटना ठाणे के अंबिकानगर, वागले एस्टेट इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने नियम तोड़ने पर छात्र का चालान काटा था। इसके बाद छात्र ने उन्हें बिना सही नंबर प्लेट की स्कूटी चलाते देखा। उसने तुरंत पीछा किया और पुलिसकर्मियों को रोका। दोनों पक्षों के बीच मराठी में बहस होने लगी। छात्र ने आरोप लगाया कि पुलिस खुद नियमों का पालन नहीं कर रही है और दूसरों पर कार्रवाई कर रही है।
घटनास्थल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें छात्र पुलिसकर्मियों से बहस करता और स्कूटी की नंबर प्लेट दिखाता नजर आ रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस की स्कूटी पर नंबर प्लेट पर ठीक से नंबर नहीं लिखा था। छात्र ने कहा कि “अगर आम नागरिक से गलती होती है तो तुरंत चालान काटा जाता है, लेकिन जब पुलिस खुद नियम तोड़े तो कार्रवाई क्यों नहीं होती?”
वहीं, पुलिसकर्मियों ने सफाई दी कि वे स्कूटर को जब्त करके थाने ले जा रहे थे। हालांकि, छात्र ने दावा किया कि स्कूटी पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था और यह किसी निजी इस्तेमाल की नहीं लग रही थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ठाणे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और यदि किसी पुलिसकर्मी की गलती पाई गई तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या नियम सिर्फ आम नागरिकों के लिए हैं या वर्दीवालों पर भी लागू होते हैं।





