लेफ्ट फ्री नियम की अनदेखी से बिलासपुर में बढ़ रहा ट्रैफिक जाम, जागरूकता से ही मिलेगा समाधान

बिलासपुर। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। जाम की एक बड़ी वजह वाहन चालकों द्वारा “लेफ्ट फ्री” नियम की अनदेखी मानी जा रही है। यातायात पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में ज्यादा सुधार नजर नहीं आ रहा है।
बिलासपुर के कई प्रमुख और व्यस्त चौराहों पर जहां लेफ्ट फ्री की सुविधा दी गई है, वहां भी वाहन चालक बिना जरूरत रुक जाते हैं या गलत तरीके से वाहन खड़े कर देते हैं। इससे पीछे से आने वाले वाहनों की आवाजाही रुक जाती है और कुछ ही देर में लंबा जाम लग जाता है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में यह समस्या और भी बढ़ जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने बताया कि लेफ्ट फ्री नियम का सही अर्थ समझना बेहद जरूरी है। नियमों की अनदेखी से न सिर्फ ट्रैफिक जाम लगता है, बल्कि सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सड़क पर ही लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जा रही है।
यातायात पुलिस का कहना है कि जब तक लोग खुद जिम्मेदारी नहीं समझेंगे और नियमों का पालन नहीं करेंगे, तब तक शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू नहीं हो सकती। नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और जाम से निजात दिलाने में सहयोग करें।





