अंगीठी की जहरीली गैस से उजड़ा परिवार, मुरादाबाद में दो मासूमों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में ठंड से बचने की कोशिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हो गई। बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सोने से निकली जहरीली गैस के कारण एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
घटना छजलैट थाना क्षेत्र के खास नायरा पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। यहां रहने वाला जावेद अपने परिवार के साथ रात में ठंड से बचने के लिए कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सो गया था। सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। जोर-जोर से आवाज देने पर किसी तरह दरवाजा खुला, तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था।
कमरे में परिवार के पांचों सदस्य बेहोशी की हालत में पड़े मिले। इस हादसे में चार वर्षीय आहिल और तीन वर्षीय आयरा की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं उनकी मां साहिस्ता और छह वर्षीय शिफान की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक इलाज के बाद साहिस्ता को बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बंद कमरे में वेंटिलेशन न होने की वजह से ऑक्सीजन की कमी हो गई और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
परिवार की ओर से इसे एक दुखद हादसा बताया गया है और किसी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि ठंड के मौसम में बंद कमरों में अंगीठी या हीटर का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें और पर्याप्त हवा की व्यवस्था जरूर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।





