कल लगेगा साल का आखिरी सूर्यग्रहण, जानें टाइमिंग और सूतक का हाल

दिल्ली। साल 2025 का दूसरा और आखिरी सूर्यग्रहण 21 सितंबर, रविवार को लगने जा रहा है। यह एक आंशिक सूर्यग्रहण होगा, जो रात 10 बजकर 59 मिनट पर शुरू होगा। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सूर्यग्रहण तब होता है, जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच से गुजरता है, जिससे सूर्य की रोशनी पृथ्वी तक नहीं पहुंच पाती। यह घटना खगोल विज्ञान के लिहाज से बेहद खास मानी जाती है।

हालांकि, भारत में यह सूर्यग्रहण दिखाई नहीं देगा। इसे मुख्य रूप से दक्षिणी गोलार्ध में देखा जा सकेगा। न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और फिजी जैसे देशों में लोग इस अद्भुत खगोलीय घटना के साक्षी बन पाएंगे। भारत में यह दृश्य न दिखने की वजह से यहां इसका कोई धार्मिक या ज्योतिषीय प्रभाव नहीं माना जाएगा। इसी कारण देशभर में इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्यग्रहण और चंद्रग्रहण का सीधा संबंध पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़ा होता है। सामान्यतः ग्रहण लगने से 12 घंटे पहले सूतक शुरू हो जाता है और इसके दौरान मंदिरों के कपाट बंद हो जाते हैं। लेकिन इस बार भारत में ग्रहण न दिखने के कारण न तो सूतक लगेगा और न ही मंदिरों की दिनचर्या प्रभावित होगी। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सूर्यग्रहण ब्रह्मांडीय गतिविधियों की समझ को गहरा करता है। यह खगोल वैज्ञानिकों के लिए शोध का विषय भी है। दुनिया के कई हिस्सों में लोग इसे विशेष उपकरणों की मदद से देख सकेंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button