राजधानी में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक, कई इलाकों में AQI 300 पार; पारा भी लुढ़का

दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली इस समय ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार झेल रही है। दिसंबर की शुरुआत से ही तापमान लगातार गिर रहा है, वहीं हवा की गुणवत्ता भी बेहद खराब बनी हुई है। प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि दिल्ली के ज्यादातर इलाके रेड ज़ोन में शामिल हो गए हैं। बुधवार, 3 दिसंबर को दिल्ली-NCR ने दिसंबर का सबसे ठंडा दिन देखा, वहीं हवा में घुला जहर लोगों के लिए और मुश्किलें खड़ी कर रहा है।

पिछले कई दिनों से प्रदूषण ने दिल्लीवालों का जीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, गले में खराश और अस्थमा के मरीजों की दिक्कतें तेजी से बढ़ी हैं। गुरुवार, 4 दिसंबर की सुबह भी राजधानी को राहत नहीं मिली। दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 335 दर्ज हुआ, जो ‘खतरनाक’ श्रेणी में माना जाता है। कई इलाकों में AQI 300 के पार पहुंच चुका है, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और लोनी जैसे क्षेत्रों की स्थिति इससे भी खराब है।

सुबह 7 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार आनंद विहार में AQI 318, अशोक विहार 307, बवाना 343, चांदनी चौक 331, द्वारका सेक्टर-8 324, आईटीओ 304, जहांगीरपुरी 342, नेहरू नगर 355 और रोहिणी में 343 दर्ज हुआ। नोएडा सेक्टर 125 का AQI 341 रहा, जबकि लोनी 369 के साथ आज भी सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में शामिल रहा।

आज सुबह 7 बजे कहां कितना है AQI?

  • आनंद विहार- 318
  • अशोक विहार- 307
  • बवाना- 343
  • बुराड़ी- 312
  • चांदनी चौक- 331
  • डीटीयू- 330
  • द्वारका सेक्टर 8- 324
  • आईटीओ- 304
  • जहांगीरपुरी- 342
  • जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम- 304
  • मुंडका- 340
  • नरेला- 302
  • नेहरू नगर- 355
  • ओखला फेज 2- 326
  • पटपड़गंज- 309
  • पंजाबी बाग- 309
  • पूसा- 319
  • आरके पुरम- 344
  • रोहिणी- 343
  • सिरी फोर्ट- 327
  • सोनिया विहार- 301
  • विवेक विहार- 319
  • वजीरपुर- 323
  • नोएडा सेक्टर 125- 341
  • लोनी- 369
  • वसुंधरा- 335

प्रदूषण के साथ-साथ ठंड भी रिकॉर्ड बना रही है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि गुरुवार को तापमान 24 डिग्री अधिकतम और 5 डिग्री न्यूनतम के आसपास रह सकता है। विभाग ने 2 से 5 दिसंबर तक कई इलाकों में कोल्ड वेव की चेतावनी भी जारी की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button