बंगाल में बीजेपी सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी TMC , बुलडोजर कार्रवाई और हॉकरों पर कार्रवाई को लेकर विरोध

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने के बाद राज्य की राजनीति में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने नई सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। पार्टी 21 मई को कोलकाता और आसपास के इलाकों में विरोध प्रदर्शन करेगी। टीएमसी का आरोप है कि बीजेपी सरकार अल्पसंख्यकों, हॉकरों और विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है।

पार्टी के मुताबिक हावड़ा स्टेशन, सियालदह स्टेशन और बालीगंज इलाके में प्रदर्शन किए जाएंगे। इन विरोध प्रदर्शनों में टीएमसी नेता, कार्यकर्ता, हॉकर और अल्पसंख्यक समुदाय के लोग शामिल होंगे। पार्टी का कहना है कि राज्य में “बुलडोजर एक्शन” के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है।

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों और हॉकरों को टारगेट किया जा रहा है और उनके ठेलों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं।

वहीं टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पार्टी डरने वाली नहीं है और बीजेपी के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई जारी रहेगी। हाल ही में चुनावी रैलियों में कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

इधर चुनाव के बाद हुई हिंसा को लेकर टीएमसी ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख भी किया है। पार्टी का आरोप है कि कई जिलों में उसके कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यालयों पर हमले हुए हैं। टीएमसी ने अदालत से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

दूसरी ओर वामपंथी दलों ने भी बीजेपी सरकार के कुछ फैसलों के खिलाफ हाई कोर्ट जाने की तैयारी शुरू कर दी है। खासकर पशु वध नियंत्रण कानून को लेकर विवाद बढ़ गया है। वाम दलों का कहना है कि इससे धार्मिक स्वतंत्रता और लोगों की आजीविका प्रभावित होगी।

बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब राजनीतिक टकराव लगातार तेज होता नजर आ रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button