आंधी-बारिश का कहर: दिल्ली समेत 15 राज्यों में अलर्ट, पहाड़ों पर भी जारी रहेगा बारिश का दौर

नई दिल्ली। देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। दो दिन की तेज धूप और उमस के बाद अब राजधानी में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार 23 अगस्त से 28 अगस्त तक दिल्ली में लगातार बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। झारखंड और ओडिशा में आज बहुत भारी बारिश हो सकती है। अगले 6 से 7 दिनों तक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज बरसात का दौर जारी रहेगा।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 अगस्त तक लगातार बारिश की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में अगले 7 दिनों तक बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान और हरियाणा में 23 से 26 अगस्त तक भारी बारिश का दौर रहेगा, जबकि गुजरात में 25 अगस्त से नया मॉनसून सिस्टम सक्रिय होगा जिससे उत्तर और पश्चिमी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में भी 25 से 26 अगस्त के बीच भारी बारिश के आसार हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों—असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश—में भी 23 से 27 अगस्त तक कई स्थानों पर भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। इसके अलावा तटीय कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में 26 से 28 अगस्त तक झमाझम बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। ऐसे में लोगों को यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लेनी चाहिए और अलर्ट पर रहना चाहिए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button