प्रिंसिपल को धमकी देकर छात्र ने कॉलेज परिसर में की फायरिंग, छात्रों में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के मेरठ में स्थित जेवी जैन कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने कॉलेज परिसर में खुलेआम तमंचे से दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से छात्र-छात्राओं और स्टाफ में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पूरी घटना कॉलेज के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
युवक सिर पर कपड़ा बांधकर कॉलेज के अंदर दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि वह कुछ देर तक परिसर में घूमता रहा और उसके बाद मुख्य गेट की ओर बढ़ते हुए अचानक हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और सभी इधर-उधर भागने लगे।
फायरिंग के बाद आरोपी युवक सिक्योरिटी गार्ड के पास गया और धमकी भरे लहजे में कहा कि प्रिंसिपल को बता देना कि गोली उसी ने चलाई है। यह कहकर वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत कॉलेज पहुंची और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया। फुटेज में आरोपी युवक स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। इस घटना से छात्र और अभिभावक दोनों में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस ने कैंपस की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है।





