पटना गुरुद्वारा को बम से उड़ाने की धमकी, लंगर हॉल में 4 RDX होने का दावा

बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है। तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा को ई-मेल द्वारा बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मेल में लिखा गया कि लंगर हॉल में 4 RDX रखे हैं और साथ ही “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “आईएसआई जिंदाबाद” जैसे नारे भी लिखे गए। इस धमकी के बाद गुरुद्वारा परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी में वीआईपी और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पटना SSP कार्तिकेय शर्मा को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुरुद्वारा परिसर की सघन तलाशी शुरू की। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने तलाशी ली, लेकिन कहीं कोई विस्फोटक नहीं मिला। फिलहाल पूरे परिसर में हाई अलर्ट जारी है और पुलिस यह जांच कर रही है कि ई-मेल कहां से और किसने भेजा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजीत सिंह ने कहा कि यह मेल किसी शरारती तत्व का काम लगता है और फर्जी हो सकता है।

गौरतलब है कि इससे पहले पटना सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस मेल में दावा किया गया था कि कोर्ट कैंपस और जज के रूम में 4 RDX ILEDs लगाए गए हैं और जज को दोपहर 2 बजे तक बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद कोर्ट परिसर खाली कराया गया था। जांच में इस धमकी का तमिलनाडु कनेक्शन सामने आया था और यह ईमेल “द्रविड़ियन मॉडल क्लब के निवेथा पेथुराज उदयनिधि” के नाम से भेजा गया था।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button