Threat: आसाराम की डॉक्यूमेंट्री बनाने वाले डिस्कवरी चैनल के कर्मचारियों को धमकी, कोर्ट ने दिया सुरक्षा देने का निर्देश

दिल्ली। डिस्कवरी चैनल द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री ‘कल्ट ऑफ फियर: आसाराम बापू’ के निर्माताओं और उनसे संबंधित कर्मचारियों को गंभीर धमकी का सामना करना पड़ा रहा है। डॉक्यूमेंट्री में आसाराम के बारे में किए गए खुलासों के बाद से समर्थक चैनल के कर्मचारियों पर लगातार हमला कर रहे हैं, और महिला कर्मचारियों को दुष्कर्म की धमकियां मिल रही हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, तेलंगाना और तमिलनाडु की पुलिस को डिस्कवरी चैनल के कर्मचारियों को सुरक्षा देने का आदेश दिया है। चैनल ने अपनी शिकायत में बताया कि कई कर्मचारी डर के मारे ऑफिस नहीं आ पा रहे हैं और घरों में बंद हो गए हैं।
चैनल ने जारी किए ये निर्देश
डिस्कवरी चैनल ने अपने कर्मचारियों को सार्वजनिक स्थानों पर पहचान न दिखाने और सोशल मीडिया पर कंपनी का नाम हटाने की सलाह दी है। साथ ही, उन्हें कहा गया है कि वे अकेले यात्रा न करें और किसी भी सार्वजनिक चर्चा से बचें।
इस तरह से मिल रही धमकी
- दफ्तर का घेराव
- महिला कर्मचारियों को दुष्कर्म की धमकी
- घर तक पीछा, धमकाया
- सोशल मीडिया पर स्टॉकिंग
- सड़क पर दौड़ाकर मारने की धमकी





