ई-रिक्शा बैटरी चोरी गैंग का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

ई-रिक्शा बैटरी चोरी के तीन मामलों में फरार आरोपी आखिरकार सरकंडा पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। इससे पहले दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बैटरी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी प्रदीप दिनकर, निवासी विश्वकर्मा चौक चिंगराजपारा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस को इस गिरोह की तलाश 22 जनवरी 2025 से थी, जब पहली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद 19 फरवरी को अन्य पीड़ितों ने भी अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। मुख्य आरोपी सुनील साहू की पहचान होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपने साथियों ओम प्रकाश खांडे, शिवा राजपूत और प्रदीप दिनकर का नाम उजागर किया। ओम प्रकाश खांडे को हिरासत में लेकर चोरी का सामान बरामद किया गया, जबकि शिवा राजपूत पहले से ही आबकारी एक्ट में जेल में बंद था। प्रदीप दिनकर घटना के बाद से फरार था, लेकिन 22 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने ठिकाने पर मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। आरोपी के कब्जे से बैटरी और मोटरसाइकिल जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





