मुरुम खदान में मिली लाश की गुत्थी सुलझी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र से आज एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां हत्या के एक मामले में पुलिस ने महज 24 घंटों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अशोक नगर मुरूम खदान क्षेत्र में रहने वाले खगेन्द्र उर्फ गोलू ठाकुर का शव सुबह गली में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।
धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल पर जांच की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की,जांच में पता चला कि मृतक और मुख्य आरोपी कमलेश देवांगन के बीच पूर्व में विवाद हुआ था।
मौके का फायदा उठाकर कमलेश ने अपने भाई शनि देवांगन के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों को अशोक नगर अटल आवास में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल चाकू और आरोपी के कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





