‘मर्डर की चाबी सहेली के पास’? राजा रघुवंशी की मां का बड़ा दावा, सोनम के रिश्तों पर उठे सवाल

इंदौर | 20 जून 2025
इंदौर के चर्चित कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में लगातार नए मोड़ सामने आ रहे हैं। शिलांग कोर्ट ने मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी और अन्य चार अभियुक्तों की पुलिस रिमांड दो दिन और बढ़ा दी है। इस बीच राजा की मां उमा रघुवंशी का बड़ा बयान सामने आया है, जिसने जांच को और उलझा दिया है।
उमा रघुवंशी ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि सोनम की चार सहेलियां हैं, जिनमें से एक के साथ उसका रिश्ता असामान्य रूप से गहरा था। उन्होंने कहा, “नाम तो याद नहीं, पर वह लड़की हमेशा सोनम के साथ रहती थी। मुझे शक है कि उसे हत्या के राज की पूरी जानकारी है। पुलिस को उससे भी पूछताछ करनी चाहिए।”
वहीं, राजा के ज्योतिषाचार्य अजय दुबे ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। उन्होंने दावा किया कि सोनम के एक सहेली के साथ समलैंगिक संबंध हो सकते हैं। अजय दुबे ने कहा, “कुंडली में संकेत हैं कि सोनम की एक महिला मित्र के साथ विशेष रिश्ता था और वही इस हत्याकांड में शामिल हो सकती है।”
राजा के भाई सचिन रघुवंशी ने भी हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए नार्को टेस्ट की मांग की है। उन्होंने कहा, “सोनम ने स्वीकार तो किया कि उसने राजा को मारा, लेकिन कारण नहीं बताया। अगर आठ दिन की रिमांड में वो कुछ नहीं बोली, तो दो दिन में क्या बोलेगी? नार्को टेस्ट से ही सच सामने आएगा।”
परिवार का दावा है कि हत्याकांड में अभी कम से कम तीन और चेहरों की भूमिका सामने आनी बाकी है। सचिन ने कहा, “मुझे लगता है कि हत्याकांड की कहानी अब तक पूरी नहीं है। जब ये तीन चेहरे सामने आएंगे, तब पूरी सच्चाई सामने आएगी।”
फिलहाल पुलिस ने जांच का दायरा सोनम की सहेलियों तक बढ़ा दिया है और सोशल मीडिया एक्टिविटी भी खंगाली जा रही है। राजा रघुवंशी केस अब मिस्ट्री से थ्रिलर बनता जा रहा है।





