सरकार ने जमात-ए-इस्लामी से जुड़े 215 स्कूलों का प्रबंधन अपने हाथ में लिया

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर सरकार ने शनिवार से 215 स्कूलों का प्रबंधन अपने नियंत्रण में ले लिया है। ये स्कूल प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (JeI) और उसकी शैक्षणिक शाखा फलाह-ए-आम ट्रस्ट (FAT) से जुड़े बताए जा रहे हैं। यह फैसला खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया। रिपोर्ट्स में बताया गया कि इन स्कूलों का संगठन से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है।

सरकार के आदेश के अनुसार, संबंधित जिला मजिस्ट्रेट या डिप्टी कमिश्नर अब इन स्कूलों का प्रबंधन संभालेंगे। वे जांच के बाद नई मैनेजिंग कमेटियां बनाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। आदेश में कहा गया है कि मौजूदा मैनेजिंग कमेटी को तुरंत हटाकर जिला प्रशासन के अधीन कर दिया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही नई कमेटी का गठन किया जाएगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि छात्रों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रहेगा और उनकी पढ़ाई में कोई रुकावट नहीं आएगी। इसके लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग मिलकर आवश्यक कदम उठाएंगे। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि सभी स्कूल सुचारू रूप से चलें और छात्र शिक्षा के नुकसान से बचें। यह कदम जम्मू-कश्मीर सरकार की सुरक्षा और शिक्षा नीति का हिस्सा बताया जा रहा है। राज्य में किसी भी प्रतिबंधित संगठन के प्रभाव को कम करने और छात्रों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण देने के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button