THAGI: रिटायर्ड बैंककर्मी से 27 लाख की धोखाधड़ी,न्यायालय के निर्देश पर केस दर्ज

पेंड्रा। जीपीएम जिले के पेंड्रा में रिटायर्ड बैंककर्मी से जमीन बिक्री के नाम पर 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यह मामला न्यायालय के आदेश पर प्रॉपर्टी डिलर श्रवण अग्रवाल के खिलाफ पेंड्रा थाना में दर्ज किया गया है। पुलिस को मामले की जांच करके अंतिम प्रतिवेदन पेश करने का आदेश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 6 साल पहले, 2019 में मदनलाल पांडेय ने परिचित श्रवण अग्रवाल से 27 लाख रुपये में 66 डिसमिल जमीन खरीदी थी। आरोप था कि श्रवण ने बताया था कि 5 डिसमिल जमीन मुख्य मार्ग से जुड़ी हुई है, और साथ ही 61 डिसमिल जमीन भी बेची जाएगी। मदनलाल ने विभिन्न किश्तों में यह राशि चुकाई।
कुछ समय बाद, मदनलाल को पता चला कि केवल 5 डिसमिल की रजिस्ट्री हुई थी, जबकि बाकी 61 डिसमिल की रजिस्ट्री अब तक नहीं की गई थी। जब उन्होंने जमीन पर कब्जा लेने की कोशिश की, तो किसानों ने आपत्ति जताई और बताया कि वह जमीन मुख्य मार्ग पर नहीं है। इसके बाद मदनलाल ने श्रवण से बात की, तो उसने रजिस्ट्री कराने से इनकार कर दिया। मदनलाल ने इस मामले को न्यायालय में पेश किया, जिसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट कुमारी सीमा जगल्ला ने पेंड्रा थाना को जांच करके अंतिम प्रतिवेदन पेश करने का आदेश दिया।
इन तिथियों में दिया था आरोपियों को पैसा
- 18 अप्रैल 2019 को 2.90 लाख रुपये
- 22 अगस्त 2019 को 2 लाख रुपये
- 23 सितंबर 2019 को 3 लाख रुपये और 2.80 लाख रुपये
- 27 अक्टूबर 2020 को 7.50 लाख रुपये
- 9 दिसंबर 2020 को 2.50 लाख रुपये
- 10 दिसंबर 2020 को 9.28 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर





