राहुल गांधी ने CPI(M) और RSS को बताया समान, INDIA गठबंधन में बढ़ा तनाव

नई दिल्ली।कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सीपीआई (एम) और आरएसएस को समान वैचारिक प्रतिद्वंदी बताने के बयान के बाद INDIA गठबंधन में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। केरल में ओमन चांडी की पुण्यतिथि पर आयोजित एक सभा में राहुल गांधी ने कहा कि वे आरएसएस और सीपीआई (एम) दोनों से वैचारिक लड़ाई लड़ते हैं, क्योंकि इन दोनों संगठनों में लोगों के प्रति भावना और संवेदनशीलता की कमी है।
राहुल गांधी के इस बयान पर सीपीआई (एम) नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी महासचिव एम.ए. बेबी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राहुल गांधी को भारत और खासकर केरल की राजनीतिक हकीकत की समझ नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि 2004 में कांग्रेस की सरकार वामपंथी दलों के समर्थन के बिना नहीं बन सकती थी। उन्होंने राहुल पर सीपीएम और आरएसएस की तुलना करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की बात गठबंधन को नुकसान पहुंचा सकती है।
इंडिया गठबंधन की वर्चुअल बैठक में सीपीआई नेता डी. राजा ने भी बिना नाम लिए राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की तुलना कार्यकर्ताओं में भ्रम और गठबंधन की एकता को नुकसान पहुंचा सकती है। एक अन्य नेता ने कहा कि जब गठबंधन बना था, तो सभी दलों का उद्देश्य ‘देश बचाओ, भाजपा हटाओ’ था, इसलिए किसी को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए जिससे आंतरिक मतभेद बढ़े।
सीपीएम नेता बेबी ने कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस की स्वतंत्र आलोचना करती रही है, लेकिन कभी भी उसकी तुलना आरएसएस या भाजपा से नहीं की। उन्होंने राहुल गांधी से संयमित भाषा के इस्तेमाल और गठबंधन की भावना का सम्मान करने की अपील की।
गौरतलब है कि कांग्रेस और सीपीएम दोनों INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन केरल में दोनों एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिद्वंदी हैं। कांग्रेस का नेतृत्व यूडीएफ और सीपीएम का नेतृत्व एलडीएफ गठबंधन करता है। ऐसे में राहुल गांधी की टिप्पणी ने गठबंधन के भीतर नई बहस और असहमति को जन्म देदिया है।





