छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन बढ़ेगा तापमान, सुबह-रात में ठंड बरकरार

छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन के समय गर्मी बढ़ेगी, जबकि सुबह और रात में ठंड का असर बना रहेगा।

राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जिससे यह सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।

अन्य जिलों में भी तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखा गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम 16 डिग्री, दुर्ग में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 13.6 डिग्री, जबकि जगदलपुर में अधिकतम 30.2 और न्यूनतम 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रहा।

मौसम विभाग ने बताया है कि आगामी दिनों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। रायपुर सहित कई इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। विशेषकर सरगुजा संभाग में घना कोहरा देखने को मिला है, जहां दृश्यता 10 से 20 मीटर तक सिमट गई थी।

सरगुजा, पेंड्रा और अमरकंटक जैसे क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत पड़ी। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी कोहरे के असर के बने रहने की संभावना जताई है।

कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी देखने को मिल रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के सरकारी और निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, नवजात और छोटे बच्चों में ठंड का प्रभाव अधिक तेजी से पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ जाता है।

हाइपोथर्मिया एक गंभीर स्थिति है, जिसमें शरीर का तापमान सामान्य स्तर से नीचे चला जाता है और शरीर के अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है। ठंडी हवा और नमी के संपर्क में आने से शरीर तेजी से गर्मी खोता है, जिससे यह खतरा बढ़ जाता है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है कि ठंड के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

डॉक्टरों के अनुसार, सर्दियों में इम्यूनिटी मजबूत बनाए रखने के लिए विटामिन सी युक्त आहार जैसे संतरा, नींबू और आंवला का सेवन करना चाहिए। इसके अलावा अदरक और तुलसी की चाय या काढ़ा पीना भी सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण से बचाव में सहायक माना जाता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई