टेलीकॉम सेक्टर में अक्टूबर का हाल: BSNL को बढ़त, Vi फिर घाटे में

भारतीय टेलीकॉम सेक्टर के अक्टूबर 2025 के आंकड़े सामने आ गए हैं, जिनसे पता चलता है कि निजी और सरकारी दोनों कंपनियों की स्थिति में बड़ा अंतर देखने को मिला है। इस महीने जहां BSNL ने नई ग्रोथ दर्ज की है, वहीं Vodafone Idea को एक बार फिर भारी नुकसान उठाना पड़ा है। Jio और Airtel ने भी सब्सक्राइबर जोड़ने का सिलसिला जारी रखा है।
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर में वायरलेस सब्सक्राइबर की कुल संख्या में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली है। BSNL ने इस महीने 0.269 मिलियन नए यूजर्स को अपने नेटवर्क से जोड़ा है। MTNL के साथ कुल मिलाकर BSNL की बाजार हिस्सेदारी 7.92 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
रिलायंस जियो ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए 1.997 मिलियन नए सब्सक्राइबर जोड़े हैं। हालांकि, सितंबर की तुलना में इस महीने जियो की वृद्धि धीमी रही, लेकिन 484.7 मिलियन वायरलेस यूजर्स के साथ कंपनी अब भी देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम सेवा प्रदाता बनी हुई है। जियो की ग्रोथ रेट महीने-दर-महीने आधार पर 0.41 प्रतिशत रही।
Vodafone Idea के लिए यह महीना बेहद खराब साबित हुआ। कंपनी ने अक्टूबर में 2.083 मिलियन वायरलेस सब्सक्राइबर खो दिए। इस गिरावट के बाद Vi का ग्राहक आधार सितंबर के 202.8 मिलियन से घटकर अक्टूबर के अंत में लगभग 200.7 मिलियन रह गया। लगातार गिरते सब्सक्राइबर के चलते कंपनी का मार्केट शेयर घटकर 17.13 प्रतिशत पर आ गया है।
एयरटेल ने भी अक्टूबर में अपने ग्राहक आधार को बढ़ाया है। कंपनी के 1.252 मिलियन नए ग्राहक जुड़े, जिससे एयरटेल का कुल वायरलेस सब्सक्राइबर बेस बढ़कर 393.7 मिलियन हो गया। नए यूजर्स के जुड़ने से कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 33.59 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
ट्राई के अनुसार सितंबर 2025 के अंत में देश में कुल वायरलेस सब्सक्राइबर की संख्या 1182.32 मिलियन थी, जो अक्टूबर के अंत तक बढ़कर 1184.62 मिलियन हो गई। यह महीने-दर-महीने आधार पर 0.19 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।





