2020 में कांग्रेस की वजह से नहीं बनी तेजस्वी सरकार, आरजेडी का बड़ा बयान

बिहार चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर ही हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यसमिति की पटना बैठक के दिन आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बयान देकर सियासी सरगर्मी बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि 2020 में कांग्रेस की वजह से ही तेजस्वी यादव की सरकार नहीं बन पाई थी। तिवारी ने दावा किया कि बिहार में आरजेडी बड़ी पार्टी है और उसकी ताकत कांग्रेस से कहीं अधिक है।

2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 70 सीटें मिली थीं, लेकिन वह सिर्फ 19 पर ही जीत दर्ज कर पाई थी। आरजेडी प्रवक्ता ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा और उन्हें भाजपा की बी टीम करार दिया। उन्होंने कहा कि ओवैसी की नियत साफ नहीं है और वे धमकी देकर गठबंधन करना चाहते थे।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस इस बार भी 70 सीटों की मांग कर रही है, लेकिन आरजेडी सीटों में कटौती कर सकती है। पिछले चुनाव में कांग्रेस की 8 सीटों पर पांच हजार से भी कम वोट आए थे और सिर्फ 27 सीटों पर ही थोड़ा बेहतर प्रदर्शन रहा था। वहीं आरजेडी पहले ही साफ कर चुकी है कि जिताऊ-हराऊ सीटों के नाम पर अदला-बदली स्वीकार्य नहीं है। मुकेश सहनी, पशुपति पारस और हेमंत सोरेन की एंट्री से सीटों का समीकरण और जटिल हो गया है, जिससे कांग्रेस की मांग पूरी होना मुश्किल लग रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button