धरमजयगढ़ में SIR प्रक्रिया में तकनीकी गलती, कलेक्टर ने तुरंत ठीक कराया

रायगढ़। जिले में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान एक तकनीकी गलती सामने आई। बीएलओ घर-घर जाकर गणना पत्रक बांट रहे हैं और डिजिटाइजेशन हो रहा है। इसी बीच मनेन्द्रगढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र 1 भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाबसिंह कमरो का नाम गलती से रायगढ़ जिले के मतदाता सूची में किसी अन्य मतदाता के स्थान पर मैप हो गया।
कमरो ने 21 नवंबर को शिकायत की थी कि उनका नाम धरमजयगढ़ विधानसभा 19 के मतदान केंद्र 169 कया-1 में मतदाता गुलाब महंत, पिता आनंद, उम्र 25 साल के नाम पर चढ़ गया है। दोनों के नाम और पिता के नाम में समानता होने के कारण डिजिटाइजेशन के दौरान यह त्रुटि हो गई।
शिकायत मिलते ही कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने तुरंत कार्रवाई की। संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और 25 नवंबर को बीएलओ ऐप में अनमैप विकल्प उपलब्ध होते ही पूर्व विधायक कमरो का नाम सही कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्व विधायक कमरो का सही नामांकन भरतपुर-सोनहत विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 283 साल्ही में मतदाता क्रमांक 571 (EPIC नं. FDN0643080) पर विधिवत दर्ज है। उन्होंने SIR 2025 का गणना पत्रक भी स्वयं भरकर जमा किया है जिसकी प्रति विभाग के अभिलेखों में सुरक्षित है।





