स्वामी चैतन्यानंद: 17 छात्राओं से यौन शोषण का आरोपी पांच दिन की पुलिस हिरासत में

दिल्ली के एसआरआईएसआईआईएम संस्थान में 17 छात्राओं से यौन शोषण और धोखाधड़ी के आरोप में स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार किया है। अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बाबा पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है और खुद पर लगे आरोपों को निराधार बता रहा है।

गिरफ्तारी से पहले स्वामी चैतन्यानंद पिछले दो महीने से पुलिस से बचकर मथुरा में साधु-संतों के बीच छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से आईपैड बरामद किया है, जिसमें संस्थान के सभी सीसीटीवी कैमरों की लिंकिंग थी। चौंकाने वाली बात यह है कि गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में भी हिडन कैमरे लगाए गए थे, जिनका सीधा एक्सेस आरोपी के मोबाइल फोन से जुड़ा हुआ था।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने दो महीनों में 15 होटल बदले और लगातार ठिकाना बदलता रहा। पुलिस ने बताया कि उसके मोबाइल का पासवर्ड तो मिला है, लेकिन आईपैड का पासवर्ड उसने अब तक नहीं बताया है। इसे जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है।

जांच में यह भी पता चला है कि संस्थान की तीन महिला अधिकारी—श्वेता, भावना और काजल—बाबा की मदद कर रही थीं। पुलिस जल्द ही तीनों को आरोपी के साथ आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी।

पुलिस हिरासत में आरोपी बाबा की कड़ी निगरानी की जा रही है। उसे लॉकअप में एक चादर और कंबल दिया गया है तथा सीसीटीवी की मदद से हर पल पर नजर रखी जा रही है। 24 घंटे उसकी सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात हैं।

पुलिस रिमांड आरोपी से आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री, मोबाइल डाटा और सहयोगियों की पहचान उजागर करने के लिए ली गई है। साथ ही, इस बात की जांच भी की जा रही है कि उसने शैक्षणिक संस्थान के अध्यक्ष/कुलपति के पद का किस तरह दुरुपयोग कर अपराधों को अंजाम दिया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button