शक और गुस्से में प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, खेत में कीचड़ में दबाकर मार डाला

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक युवक ने शक और गुस्से में अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने युवती को खेत में धक्का देकर उसका सिर कीचड़ में दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।

मृतका की पहचान पूजा महंत (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रेमी प्रवीण प्रकाश चंद्र (28) को शक था कि पूजा किसी दूसरे युवक से बात करती है और उसे समय नहीं देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया।

घटना 27 जनवरी की सुबह सामने आई, जब बरगांव गांव के एक किसान ने अपने खेत में कीचड़ से सनी युवती की लाश देखी। उसने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अहम सुराग मिले। फुटेज में तड़के सुबह दो युवक बाइक से जाते दिखाई दिए, जबकि कुछ देर बाद पूजा अकेली मोबाइल पर बात करते हुए उसी रास्ते से गुजरती नजर आई। जांच में यह भी सामने आया कि पूजा देर रात घर लौटने के बाद सुबह प्रेमी के फोन पर उससे मिलने निकली थी।

पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी प्रवीण को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सबूतों के सामने उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि गुस्से में उसने पूजा को खेत में धक्का देकर उसका सिर कीचड़ में दबा दिया, जिससे उसकी तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के भाई लव प्रकाश चंद्र और दोस्त केशव चंद्र को भी गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोपी को फरार कराने में मदद करने का आरोप है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश का माहौल है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button