अजीबो-गरीब चोरी : छत से 400 कबूतर ले उड़े चोर, 10 लाख बताई जा रही है कीमत

मेरठ : चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहां शातिर चोर एक घर की छत से 400 कबूतर ले उड़े. चोरी हुए कबूतरों की कीमत 10 लाख बताई जा रही है. कबूतर मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
बता दें कि पूरा मामला लिसाड़ी गांव का है. जहां 20 साल से हाजी कय्यूम कबूतर पालने का काम कर रहे हैं. रविवार को रात चोरों ने हाजी कय्यूम के घर धावा बोला और 400 कबूतर चोरी कर ले गए. चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए हाजी कय्यूम के पड़ोसी के घर का सहारा लिया. जुगाड़ से एक सीड़ी बनाई और फिर छत में जाकर चोरी की है.
वहीं कबूतर मालिक को चोरी की जानकारी तब लगी, जब वे कबूतरों को दाना डालने के लिए पहुंचे. इस दौरान उन्होंने ने पाया कि सभी कबूतर गायब थे. जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की. पुलिस की शिकायत मे उन्होंने बताया कि चोरी हुए कबूतरों की कीमत 10 लाख रुपए है, जिसमें विदेशी नस्ल के कबूतर भी शामिल हैं. पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है.





