झाड़फूंक के बहाने युवती से दुष्कर्म, अच्छे रिश्ते और नौकरी का झांसा देकर ढोंगी बाबा गिरफ्तार

अंबिकापुर में झाड़फूंक के नाम पर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करने वाले एक कथित बाबा को 24 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने युवती को अच्छे रिश्ते और नौकरी लगने का लालच देकर अपने झांसे में लिया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
झाड़फूंक के नाम पर घर पहुंचा आरोपी
पीड़िता के अनुसार, 14 जून की सुबह एक व्यक्ति उनकी कॉलोनी में पहुंचा और खुद को प्रयागराज निवासी बताते हुए झाड़फूंक से लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करने लगा। उसने युवती से कहा कि झाड़फूंक कराने से उसे अच्छा रिश्ता मिलेगा और नौकरी लग जाएगी।
इसके बाद आरोपी ने युवती को नहाकर आने के लिए कहा और झाड़फूंक की प्रक्रिया शुरू कर दी।
मां और बहन को बाहर भेजकर वारदात को दिया अंजाम
आरोपी ने युवती की मां को एक मुट्ठी चावल देकर हनुमान मंदिर भेज दिया और 151 चावल के दाने चढ़ाने के लिए कहा। वहीं, युवती की बहन को भी कमरे से बाहर जाने के लिए कह दिया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और सुभाषनगर क्षेत्र से संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29) निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक झोला बरामद किया है, जिसमें कई प्रकार के पाउडर और झाड़फूंक में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वह झाड़फूंक के नाम पर लोगों से ठगी भी करता था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।





