सपाट शुरुआत के साथ शेयर बाजार स्थिर, निवेशक तिमाही नतीजों के इंतजार में

मुंबई। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सपाट रही। वैश्विक बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों और पहली तिमाही के नतीजों से पहले निवेशकों की सतर्कता के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में खास हलचल नहीं दिखी।

सुबह 9:29 बजे सेंसेक्स 40.96 अंक यानी 0.05% गिरकर 83,495.12 पर और निफ्टी 17.70 अंक यानी 0.07% की गिरावट के साथ 25,458.40 पर कारोबार कर रहा था। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में मामूली बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी बैंक 57,243.05 पर था जिसमें 0.05% की तेजी देखी गई।

विश्लेषकों के अनुसार, बाजार में इस समय कारोबारी गतिविधियां सीमित हैं क्योंकि निवेशक अमेरिका और भारत दोनों जगह आगामी अर्निंग सीजन का इंतजार कर रहे हैं। पीएल कैपिटल के विक्रम कासट ने बताया कि जेपी मॉर्गन, सिटीग्रुप और वेल्स फार्गो जैसे बड़े बैंक अगले सप्ताह से अपनी वित्तीय रिपोर्ट पेश करेंगे।

इस बार सीमित प्रदर्शन की उम्मीद

आईटी सेक्टर से इस बार सीमित प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, लेकिन मिडकैप कंपनियों से अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। बैंकिंग सेक्टर में कम क्रेडिट ग्रोथ चिंता का विषय है। वहीं, ऑटो सेक्टर में महिंद्रा एंड महिंद्रा और आयशर मोटर्स बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

टॉप लूजर्स में ये शामिल

सेंसेक्स में टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड और टाइटन जैसे शेयर टॉप गेनर्स रहे, जबकि टाटा मोटर्स, इंफोसिस, टीसीएस और एचडीएफसी बैंक टॉप लूजर्स में शामिल रहे।

संस्थागत निवेशकों की बात करें तो 9 जुलाई को एफआईआई ने 77 करोड़ रुपये और डीआईआई ने 920 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। एशियाई बाजारों में हांगकांग, चीन और सोल हरे निशान में रहे, जबकि जापान लाल निशान में रहा। अमेरिकी बाजारों में सकारात्मक रुख रहा। डॉव जोंस, एसएंडपी 500 और नैस्डैक सभी में अच्छी बढ़त दर्ज की गई।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button