RCB की जीत के जश्न में भगदड़, 11 की मौत; BJP ने मांगा इस्तीफा
CM बोले- कुंभ में भी गई थी 50-60 जानें

बेंगलुरु। बेंगलुरु में बुधवार को IPL की पहली बार विजेता बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत का जश्न एक बड़े हादसे में बदल गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर खचाखच भीड़ के बीच मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मृतकों में 5 महिलाएं और 6 पुरुष हैं, जिनकी उम्र 13 से 33 वर्ष के बीच बताई गई है। हादसे में अधिकतर मौतें सिर, रीढ़ और पेट में गंभीर चोटों के कारण हुईं।
चश्मदीदों के मुताबिक जैसे ही लोग गिरे, उन्हें संभालने वाला कोई नहीं था। एंबुलेंस भी देर से पहुंची, लोग खुद घायलों को सड़क पर CPR देते नजर आए। हादसे के बाद हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल रहा, जूते-चप्पल बिखरे हुए मिले। शाम को CM सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैं घटना का बचाव नहीं कर रहा, लेकिन पहले भी कुंभ में 50-60 लोगों की जान गई थी। इसका मतलब यह नहीं कि हम जिम्मेदारी से बचें।” वहीं, भाजपा ने इस बयान को असंवेदनशील बताते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा है।
हादसे की वजह
फ्री पास का ऐलान: जैसे ही RCB की वेबसाइट पर फ्री पास की घोषणा हुई, हजारों लोग जुटने लगे। साइट क्रैश हो गई और बिना पास वाले भी पहुंच गए।
गेट तोड़ने की कोशिश: गेट नंबर 10, 12 और 13 पर भीड़ ने जबरन घुसने की कोशिश की। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। नाले पर बना स्लैब गिरा और भगदड़ मच गई।
गेट बंद करने से हंगामा: दोपहर 3:30 बजे सभी गेट बंद कर दिए गए। इससे पासधारी भी नहीं घुस पाए और बवाल हुआ।
सुरक्षा कम पड़ी: सरकार ने दावा किया कि 5 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन भीड़ अनुमान से कई गुना ज्यादा थी। कई जवान 36 घंटे से ड्यूटी पर थे।





