रायपुर को बड़ी सौगात: अब टेस्ट मैचों की मेजबानी की तैयारी, स्टेडियम 30 साल की लीज पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम अब टेस्ट क्रिकेट की मेजबानी की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा चुका है। राज्य सरकार ने इस स्टेडियम को 30 साल की लम्बी लीज पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (CSCS) को सौंप दिया है। साय कैबिनेट की बैठक में लिए गए इस फैसले ने रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सुनहरे भविष्य की नींव रख दी है।

पहले ही वनडे और टी-20 मैचों की शानदार मेजबानी कर चुका ये स्टेडियम अब टेस्ट क्रिकेट के लिए तैयार किया जा रहा है। जल्द ही यहां भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका का वनडे मुकाबला खेला जाएगा। लीज मिलने के बाद अब स्टेडियम का पूरा जिम्मा क्रिकेट संघ के पास है, जो यहां बड़े स्तर पर बदलाव और आधुनिक सुविधाओं को जोड़ने की तैयारी में है।

स्टेडियम को मिलेगा मॉडर्न लुक

CSCS के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया कि संघ की लंबे समय से इच्छा थी कि स्टेडियम को पूरी तरह अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर तैयार किया जाए। स्टेडियम को 25 साल पूरे हो चुके हैं और अब इसे नए रूप में सजाया-संवारा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रैक्टिस विकेट्स, स्विमिंग पूल, जिम जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं की कमी अब दूर की जाएगी। साथ ही स्टेडियम के इंटीरियर और एक्सटीरियर को भी मॉडर्न टच दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही CSCS बीसीसीआई की रोटेशन प्रणाली में शामिल होगा, जिससे लगातार बड़े मैच मिलते रहेंगे।

युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच: खेल मंत्री

डिप्टी सीएम और खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्टेडियम को लीज पर देने से छत्तीसगढ़ में लगातार बड़े क्रिकेट मैच आयोजित होंगे। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा प्रतिभाशाली हैं और आने वाले समय में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सुनहरा मौका पाएंगे।

इस फैसले से साफ है कि आने वाले वर्षों में रायपुर देश के बड़े क्रिकेट शहरों में शामिल होने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई