देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, वृंदावन में उमड़े 10 लाख भक्त

दिल्ली।देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। मथुरा और वृंदावन में खास उत्साह देखने को मिल रहा है, जहां करीब 10 लाख भक्त दर्शन के लिए पहुंचे हैं। बांके बिहारी मंदिर और जन्मभूमि मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।

मथुरा के कारीगरों ने ठाकुरजी के लिए विशेष पोशाक तैयार की है। इस पोशाक में सोने-चांदी के तार और इंद्रधनुष के सातों रंगों का प्रयोग किया गया है, जिसे बनाने में छह महीने लगे। ठाकुरजी इस दिव्य परिधान में अलौकिक स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे।

वहीं जन्मभूमि मंदिर को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर सजाया गया है। यहां का फूल बंगला सिंदूरी रंग के फूलों से सजाया गया है, जिन्हें कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाया गया है।

द्वारकाधीश मंदिर में रोशनी से जगमग सजावट की गई है और रात 2:30 बजे तक दर्शन होंगे। ग्वालियर में राधा-कृष्ण को 100 करोड़ रुपये मूल्य के प्राचीन रत्नजड़ित गहने पहनाए जाएंगे, जिनकी सुरक्षा के लिए 200 जवान और 50 सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं।

मुंबई और अहमदाबाद के इस्कॉन मंदिरों में भी जन्माष्टमी पर विशेष पूजन और महाआरती हुई। पुणे में दही-हांडी उत्सव इस बार ढोल-ताशों की थाप पर पारंपरिक ढंग से मनाया जा रहा है।

देशभर के मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की झलक देखने के लिए भक्त उमड़े हुए हैं। मध्यरात्रि में ‘नंद के आनंद भयो’ की ध्वनि के साथ जन्माष्टमी पर्व अपने चरम पर पहुंचेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button