छत्तीसगढ़ में अब और सस्ती होगी सोलर बिजली, सरकार देगी ₹30,000 तक की मदद: भूपेंद्र सवन्नी ने CM साय से की मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब घर-घर सौर ऊर्जा पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को और मजबूत बनाने के लिए ₹30,000 तक का अतिरिक्त अनुदान देने का फैसला किया है। इससे लोगों को सोलर पैनल लगाने में मदद मिलेगी और बिजली बिल में बड़ी राहत मिलेगी।
सीएम साय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस फैसले से हर घर तक सौर ऊर्जा पहुंचेगी और हर परिवार को फायदा होगा।
इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार के इस फैसले के लिए आभार जताया और कहा कि इससे छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा को नया बढ़ावा मिलेगा।
क्या है प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना?
इस योजना के तहत सरकार लोगों को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी देती है, जिससे लोग खुद बिजली बना सकते हैं और बिजली बिल भी कम आता है। अब छत्तीसगढ़ सरकार इसमें और मदद देगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका फायदा ले सकें।
सरकार का लक्ष्य है – हर घर सौर ऊर्जा से रोशन हो।





