फार्मा फैक्ट्री में धमाके और आग से अब तक 34 की मौत, मलबे से निकले जले हुए शव

संगारेड्डी (तेलंगाना)। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की एक फार्मा फैक्ट्री में हुए भयानक धमाके और आग की घटना में अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है।

यह हादसा पसामैलाराम फेज-1 में स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज फार्मा प्लांट में हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरे प्लांट में आग लग गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई कर्मचारी काम कर रहे थे। एसपी पारीतोष पंकज के मुताबिक, “31 लोग मौके पर ही जिंदा जल गए, जबकि 3 लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा।”

दमकल विभाग ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। जब मलबा हटाया गया, तब उसमें से कई जले हुए शव मिले, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ती गई। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री सी. दामोदर राजा नरसिम्हा ने मंगलवार सुबह हादसे की जानकारी मीडिया को दी।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर आग की भयानक तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें काले धुएं का गुबार और आग की तेज लपटें साफ देखी जा सकती हैं। फिलहाल राहत और बचाव का काम जारी है और प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं कि यह धमाका कैसे और क्यों हुआ।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button