इंग्लैंड में इतिहास रचने के बाद बोले शुभमन गिल – “269 रन इसलिए बनाए क्योंकि पिछली हार से सबक लिया”

बर्मिंघम:एजबेस्टन टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक ठोका और इतिहास रच दिया। उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर बतौर भारतीय कप्तान पहली बार डबल सेंचुरी लगाई है। गिल ने 387 गेंदों में 30 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 269 रनों की यादगार पारी खेली, जिससे टीम इंडिया को मजबूत स्कोर तक पहुंचने में मदद मिली।

मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद गिल ने अपनी इस पारी के पीछे की रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लीड्स टेस्ट में हार के बाद उन्होंने ठान लिया था कि अगली बार विकेट नहीं गंवाना है। गिल ने कहा, “पहले टेस्ट में हम तेजी से रन बना रहे थे, लेकिन निचले क्रम की विफलता के चलते मैच हाथ से निकल गया। इस बार मैंने धीरे-धीरे रन बनाना और लंबी पारी खेलना तय किया था।”

गिल ने बताया कि पहले दिन चाय ब्रेक के दौरान हेड कोच गौतम गंभीर ने उन्हें सलाह दी थी कि बल्ले पर गेंद तो आ रही है लेकिन बाउंड्री नहीं लग रही, इस पर ध्यान देना होगा। इस सुझाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने रन रेट पर नियंत्रण रखते हुए टिक कर खेलना शुरू किया।

आईपीएल 2025 के अंतिम चरण में ही उन्होंने इंग्लैंड दौरे की तैयारी शुरू कर दी थी, जिससे उन्हें टेस्ट मैच की परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने में मदद मिली। उन्होंने कहा, “मैंने बैकफुट गेम पर काम किया और टेस्ट में लंबा टिकने की तैयारी की थी। उसका फायदा इस मैच में मिला।”

फील्डिंग को लेकर भी गिल ने कहा कि उन्होंने स्लिप में कैचिंग पर काम किया है और अब टीम इस पहलू में भी सुधार दिखा रही है।

इस पारी के साथ गिल ने यह साफ कर दिया है कि वह सिर्फ कप्तानी नहीं बल्कि जिम्मेदारी से टीम को नेतृत्व देने का माद्दा भी रखते हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button