शुभमन गिल का धमाकेदार शतक, रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और वेस्टइंडीज के दूसरे टेस्ट मैच में कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने 177 गेंदों में 100 रन पूरे किए और अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक लगाया। इस शानदार पारी के साथ गिल ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
गिल अब तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 10 शतक जड़ चुके हैं, जबकि रोहित शर्मा के नाम 9 शतक हैं। इस उपलब्धि के साथ गिल ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है। उनके बाद यशस्वी जायसवाल 7 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि केएल राहुल और ऋषभ पंत 6-6 शतकों के साथ चौथे पायदान पर हैं। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा 5-5 शतकों के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं।
शुभमन गिल ने कप्तान बनने के बाद से अपने प्रदर्शन में जबरदस्त सुधार दिखाया है। इंग्लैंड दौरे से भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने के बाद उन्होंने सिर्फ 7 मैचों में 5 शतक लगाए हैं। इनमें से चार शतक उन्होंने इंग्लैंड सीरीज में और अब एक वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ा है।
इस पारी से गिल ने न सिर्फ टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया बल्कि बतौर कप्तान एक साल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली की बराबरी भी कर ली है। कोहली ने भी एक साल में बतौर कप्तान 5 शतक लगाए थे। शुभमन गिल की यह पारी भारतीय क्रिकेट के नए युग की झलक दे रही है, जहां युवा कप्तान अपने शानदार खेल से टीम को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।





