छत्तीसगढ़ में भीषण हीटवेव का असर, मोर-चमगादड़ों समेत कई वन्यजीवों की मौत, 29 मई से बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। खैरागढ़, कांकेर और कोरबा समेत कई जिलों में मोर, पाम सिवेट और सैकड़ों चमगादड़ों की मौत के मामले सामने आए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हीटवेव जारी रहने की चेतावनी दी है। वहीं 29 मई से प्रदेश में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

जंगलों में मृत मिले वन्यजीव

खैरागढ़ जिले के दल्लीखोली-लछना जंगल में मोर, मोरनी और पाम सिवेट समेत कई वन्यजीव मृत पाए गए। वन विभाग के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि तेज गर्मी और हीट स्ट्रोक के कारण इनकी मौत हुई हो सकती है। कांकेर जिले के सरोना गांव में करीब 500 चमगादड़ों के मृत मिलने से इलाके में चिंता बढ़ गई है। इससे पहले कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में भी करीब 200 चमगादड़ों की मौत का मामला सामने आया था।

वन विभाग ने घटनास्थलों से सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

रायपुर में 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक लू जैसे हालात बने रहेंगे। रायपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

29 मई से मौसम बदलने के संकेत

मौसम विभाग ने बताया कि 29 मई से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण बिहार और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश में मौसम परिवर्तन की स्थिति बन रही है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसलों की सिंचाई और कटाई को लेकर भी जरूरी सावधानी बरतने की सलाह जारी की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button