कथित पत्रकार दिलेश्वर पूरी गोस्वामी पर गंभीर आरोप, वसूली-मारपीट और धमकी के मामलों में पुलिस जांच तेज

बिलासपुर। खुद को पत्रकार बताने वाले दिलेश्वर पूरी गोस्वामी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। मस्तूरी और आसपास के क्षेत्रों में भ्रामक खबरें बनाकर व्यवसायियों पर दबाव बनाने, वसूली और मारपीट जैसे गंभीर आरोप उन पर सामने आए हैं। पुलिस ने मामलों की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जून माह में थाना तोरवा क्षेत्र में जयरामनगर निवासी विकास तिवारी के साथ मारपीट और लूट की शिकायत दर्ज हुई थी। इस मामले में दिलेश्वर गोस्वामी की संलिप्तता को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, दिलेश्वर द्वारा विकास तिवारी और अन्य लोगों के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अब तक जांच में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आए हैं।
इसी बीच, एक ऑडियो क्लिप पुलिस को सौंपी गई है जिसमें कथित रूप से दो लाख रुपये की मांग की बात सुनाई दे रही है। पुलिस इसका भी परीक्षण कर रही है। आरोप है कि मस्तूरी और पचपेड़ी क्षेत्र में कई दुकानदारों और संस्थानों से पैसे की मांग की जाती थी और रकम न देने पर खबरें प्रकाशित कर कार्रवाई का डर दिखाया जाता था।
पुलिस रिकॉर्ड में दिलेश्वर गोस्वामी के खिलाफ उद्यापन, लूट, अपहरण और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। इन मामलों में तारबहार, पचपेड़ी, मस्तूरी, तोरवा समेत ओडिशा के संबलपुर जिले में भी प्रकरण शामिल हैं। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच बारीकी से कर रही है।





