जांजगीर में सनसनी: किसान के खेत में मिला मगरमच्छ का बच्चा, 5 घंटे की कड़ी कोशिश के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन सफल!

जांजगीर। अकलतरा ब्लॉक के पोड़ी दल्हा गांव में एक अनोखी घटना सामने आई है। यहां एक किसान को अपने खेत में धूप सेंकते हुए मगरमच्छ का बच्चा दिखाई दिया। ये नजारा देखकर किसान हैरान रह गया। हालांकि, उसने समझदारी दिखाते हुए दूर से ही वीडियो बनाकर तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

पानी में छिप गया मगरमच्छ का बच्चा

खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तब तक वहां काफी भीड़ इकट्ठा हो चुकी थी। लोगों की हलचल देखकर घबराया मगरमच्छ का बच्चा खेत में बनी एक छोटी तलैया जैसी जगह में छिप गया।

वन विभाग की टीम को उसे पकड़ने में करीब पांच घंटे की कड़ी मेहनत करनी पड़ी। आखिरकार, मगरमच्छ के बच्चे को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया और कोटमी-सोनार स्थित क्रोकोडाइल पार्क में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

कैसे पहुंचा मगरमच्छ का बच्चा खेत तक?

वन विभाग के अनुसार, यह मगरमच्छ का बच्चा पास के मूर्रा तालाब से भटककर खेत तक आ गया था। मूर्रा तालाब बड़ा है और वहां कई मगरमच्छ रहते हैं। संभावना है कि पानी के बहाव के कारण यह छोटा मगरमच्छ खेत में आ गया।

गांव में मचा हड़कंप

गांव में मगरमच्छ मिलने की खबर आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए उमड़ पड़े। भीड़ की वजह से वन विभाग की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं।

हालांकि, अधिकारियों की समझदारी और मेहनत से रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा। गांव के लोग अब भी इस घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button