नौनिहाल छात्रवृत्ति से मिलेगा बच्चों की पढ़ाई को सहारा, आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया जारी

बलौदाबाजार।श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के पढ़ाई कर रहे बच्चों के लिए मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना चलाई जा रही है। जिन पंजीकृत श्रमिकों ने अभी तक इस योजना के लिए आवेदन नहीं किया है, वे 31 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने के लिए श्रमिक च्वाइस सेंटर, श्रम संसाधन केंद्र, विभाग की वेबसाइट shramevjayate.cg.gov.in, श्रमेव जयते ऐप या फिर श्रम कार्यालय कक्ष क्रमांक 117, कलेक्टर परिसर में संपर्क कर सकते हैं।
वहीं दूसरी ओर, एकीकृत बाल विकास परियोजना लवन के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका पदों पर भर्ती के लिए प्रथम प्राविधिक वरीयता सूची जारी कर दी गई है। यह भर्ती अहिल्दा केंद्र क्रमांक-04, लाहोद केंद्र क्रमांक-01 और पैजनी केंद्र क्रमांक-01 के लिए की जा रही है।
जारी सूची को लेकर यदि किसी अभ्यर्थी को कोई दावा या आपत्ति दर्ज करानी है, तो वह अपने सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना लवन के कार्यालय में 5 जनवरी 2025 तक स्वयं उपस्थित होकर कार्यालयीन समय में आवेदन जमा कर सकता है। तय समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।





