एनकाउंटर के डर से आरोपी ने थाने में किया सरेंडर, बोला – ‘UP पुलिस की गोली से बचने आया हूं’

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई अब रंग लाने लगी है। सहारनपुर जिले में अपराधियों पर हो रही लगातार मुठभेड़ों के बीच अब अपराधी खुद थानों में जाकर आत्मसमर्पण करने लगे हैं। गुरुवार को देवबंद कोतवाली में हत्या के प्रयास के एक आरोपी ने परिजनों के साथ पहुंचकर सरेंडर किया और कहा – “मैं यूपी पुलिस की गोली से बचने आया हूं।”
जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रशांत गांव धर्मपुर गुर्जर फायरिंग कांड से जुड़ा हुआ है और कई दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस की दबिश और एनकाउंटर की चर्चाओं के बीच उसने आत्मसमर्पण का फैसला किया। थाने पहुंचकर उसने पुलिस को बताया कि उसे डर है कहीं पुलिस उसका एनकाउंटर न कर दे, इसलिए वह खुद थाने आया है ताकि अपनी जान बचा सके। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सहारनपुर के एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कानून को हाथ में लेगा, उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में डर और जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
एसएसपी ने बताया कि बीते तीन दिनों में पुलिस ने कई अपराधियों के खिलाफ मुठभेड़ की कार्रवाई की है। सरसावा क्षेत्र में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इमरान को मार गिराया गया, जबकि कई अन्य अपराधी पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यूपी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कानून व्यवस्था को सख्त रखा जाएगा और अपराधियों को खुद सरेंडर करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। सहारनपुर में प्रशांत का आत्मसमर्पण इसी डर और पुलिस के बढ़ते दबदबे का ताजा उदाहरण है।





