भारत-पाक सीजफायर पर गरजे संजय राउत, बोले- हमारी सेना इस्लामाबाद तक पहुंच सकती थी, किसने रोका?

मुंबई | 12 मई 2025

भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया सीजफायर को लेकर देश की सियासत में जबरदस्त हलचल है। शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए इस युद्धविराम को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना जोश में थी और लाहौर, पेशावर, रावलपिंडी, इस्लामाबाद तक पहुंच सकती थी, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। राउत ने सवाल किया कि ऐसा करने से किसने रोका?

संजय राउत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप को लेकर भी नाराजगी जाहिर की और पूछा कि उन्हें भारत-पाक युद्ध में हस्तक्षेप करने का अधिकार किसने दिया? उन्होंने शिमला समझौते का हवाला देते हुए कहा कि यह समझौता स्पष्ट रूप से कहता है कि भारत और पाकिस्तान के बीच किसी तीसरे देश का कोई दखल नहीं होगा।

राउत ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, “ये नकली चाणक्य हैं। क्या हमने ट्रंप को सरपंच बना दिया? हमारे सशस्त्र बल सक्षम हैं, लेकिन राजनीतिक नेतृत्व कमजोर है।” उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में जो जश्न मनाया जा रहा है, वह ट्रंप के हस्तक्षेप का नतीजा है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर ट्रंप इतने ताकतवर हैं तो इजरायल और गाजा के युद्ध को क्यों नहीं रुकवा पाए? ट्रंप का भारत पर दबाव डालना देश की संप्रभुता पर सीधा हमला है और यह दिखाता है कि भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय दबाव में काम कर रही है।

राउत ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में चुप हैं लेकिन बिहार और पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले वे जरूर कोई बड़ा बयान देंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिन मामलों में कुछ नेताओं पर केस चल रहे हैं, उनके वापस लेने की चर्चाएं हो रही हैं और जल्द ही बहुत सी बातें सामने आएंगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button