दिल्ली-NCR की सुरक्षा के लिए S-400 तैनात, ‘सुदर्शन चक्र’ से बनेगा मजबूत एयर डिफेंस नेटवर्क

भारतीय वायुसेना देश की हवाई सुरक्षा को और मजबूत बनाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत ‘सुदर्शन चक्र’ नाम से एक बड़ा मिसाइल डिफेंस नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इस योजना में S-400 मिसाइल सिस्टम की अहम भूमिका होगी।
इस नेटवर्क के तहत एक S-400 स्क्वाड्रन खास तौर पर दिल्ली-NCR की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा। यह यूनिट राजधानी को हर समय सुरक्षा देगी और जरूरत पड़ने पर पश्चिमी या उत्तरी सीमा पर तेजी से भेजी भी जा सकेगी।
रणनीति के अनुसार, देशभर में कुल 10 स्क्वाड्रन तैनात किए जाएंगे। इनमें से चार स्क्वाड्रन राजस्थान और पंजाब जैसे पश्चिमी इलाकों में लगाए जाएंगे, ताकि पाकिस्तान की ओर से आने वाले खतरे पर नजर रखी जा सके। वहीं पांच स्क्वाड्रन लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात होंगे, जिससे चीन की दिशा से सुरक्षा मजबूत होगी।
रूस से मिलने वाला S-400 सिस्टम इस योजना की रीढ़ है, जिसकी मारक क्षमता करीब 400 किलोमीटर तक है। इसके साथ ही DRDO का स्वदेशी ‘प्रोजेक्ट कुशा’ भी इसमें शामिल होगा, जो अलग-अलग रेंज में अतिरिक्त सुरक्षा देगा।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा एयर डिफेंस नेटवर्क 2028 से 2030 के बीच तैयार हो सकता है। इसके पूरा होने के बाद भारत के पास एक मजबूत और लगभग अभेद्य मिसाइल सुरक्षा कवच होगा।





