बिना स्टैबलाइजर चलाया एसी तो हो सकता है बड़ा नुकसान, जानिए क्यों है जरूरी सुरक्षा का ये उपकरण

नई दिल्ली, 7 अप्रैल 2025:गर्मियों में कूलर और एयर कंडीशनर का इस्तेमाल आम हो गया है, लेकिन बहुत से लोग एक जरूरी उपकरण को नजरअंदाज कर देते हैं—AC स्टैबलाइजर। कई बार लोग सोचते हैं कि अगर एसी में इन-बिल्ट स्टैबलाइजर है तो अलग से खरीदने की जरूरत नहीं, लेकिन ऐसा करना आपके एसी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
भारतीय बाजार में कई ऐसे मॉडल:ते हैं जिनमें इन-बिल्ट स्टैबलाइजर होता है, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में एसी मॉडल ऐसे हैं जिनमें यह सुविधा नहीं दी जाती है। ऐसे में बिना स्टैबलाइजर अगर एसी चलाया जाए तो इससे वोल्टेज फ्लकचुएशन के कारण कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। वोल्टेज ज्यादा होने की स्थिति में पीसीबी बोर्ड जल सकता है, कंप्रेसर और मोटर जैसे महत्वपूर्ण पार्ट्स खराब हो सकते हैं। वहीं, वोल्टेज कम होने की स्थिति में कूलिंग एफिशिएंसी घट सकती है और कंप्रेसर पर अतिरिक्त लोड आ सकता है जिससे एसी की उम्र कम हो जाती है।
स्टैबलाइजर का मुख्य कार्य वोल्टेज को नियंत्रित करना होता है। गर्मियों के मौसम में अक्सर वोल्टेज की समस्या देखने को मिलती है और ऐसे में स्टैबलाइजर एसी को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि चाहे आपके पास इन-बिल्ट स्टैबलाइजर वाला एसी हो या नहीं, एक एक्सटर्नल स्टैबलाइजर का इस्तेमाल करना एसी को डबल सुरक्षा प्रदान करता है और इसकी कार्यक्षमता और लाइफ को बनाए रखने में मदद करता है। अगर आप भी नए एसी की खरीदारी करने जा रहे हैं, तो स्टैबलाइजर को नजरअंदाज न करें। थोड़ी सी सतर्कता से आप अपने महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं।





