KTU पत्रकारिता विश्वविद्यालय के हॉस्टल में हंगामा, छात्राओं से अश्लील कमेंट्स और गालियों का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय(KTU)से एक गंभीर मामला सामने आया है। देर रात विश्वविद्यालय के हॉस्टल में जमकर बवाल हुआ। छात्राओं ने हॉस्टल में रहने वाले कुछ छात्रों पर गाली-गलौच करने, अश्लील कमेंट्स करने और खिड़कियों से अशोभनीय इशारे करने का आरोप लगाया है।

छात्राओं का कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई बार ऐसी हरकतें हो चुकी हैं और इसकी शिकायत भी विश्वविद्यालय प्रशासन से की गई है, लेकिन अब तक किसी भी छात्र पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।

छात्राओं ने बताया कि जब यह हंगामा हो रहा था, तब हॉस्टल की केयरटेकर भी मौके पर मौजूद नहीं थीं। बवाल खत्म होने के घंटों बाद वे वहां पहुंचीं, जिससे छात्राओं में और नाराजगी देखी गई।

बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय में लड़कों और लड़कियों के अलग-अलग हॉस्टल हैं, लेकिन दोनों हॉस्टल एक ही परिसर में स्थित हैं। इसी का फायदा उठाकर कुछ छात्र रात में बदतमीजी करते हैं।

फिलहाल छात्राओं ने इस मामले की शिकायत कर दी है और अब कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही हैं। छात्राओं में घटना को लेकर काफी आक्रोश है और वे सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button