आरजी कर मेडिकल कॉलेज फिर विवादो में, छात्रा की संदिग्ध मौत; बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप

कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की फाइनल ईयर की छात्रा अनिंदिता सोरेन (24) की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह मालदा के एक अस्पताल में भर्ती थी, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छात्रा के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसके बॉयफ्रेंड उज्जवल सोरेन ने उसे जहर देकर मार डाला।
अनिंदिता मूल रूप से साउथ दिनाजपुर के बालुरघाट की रहने वाली थी। उसकी मुलाकात उज्जवल से सोशल मीडिया पर हुई थी और दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया था। छात्रा की मां अल्पना टुडू ने बताया कि उनकी बेटी उज्जवल से शादी करना चाहती थी, लेकिन वह लगातार इंकार करता था। इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार का दावा है कि इसी तनाव के चलते उज्जवल ने अनिंदिता की जान ली।
पुलिस ने कहा कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल आरोपी बॉयफ्रेंड की तलाश की जा रही है और पुलिस उससे पूछताछ करना चाहती है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि आरजी कर कॉलेज पिछले साल भी सुर्खियों में रहा था। 8-9 अगस्त 2024 की रात यहां एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप और मर्डर हुआ था। उसकी लाश अगले दिन सुबह सेमिनार हॉल में मिली थी। इस मामले में आरोपी सिविक वॉलंटियर संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया था और जनवरी 2025 में कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। उस घटना के बाद पूरे बंगाल में प्रदर्शन हुए और करीब दो महीने तक स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं।
अब एक बार फिर से आरजी कर कॉलेज मौत की रहस्यमयी घटना के कारण सवालों के घेरे में है। छात्रा की मौत से कॉलेज का माहौल गमगीन है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।





