शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, CBI जांच में 70 लाख की सुपारी और सिग्नल ऐप का इस्तेमाल सामने आया

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले की जांच अब CBI ने अपने हाथ में ले ली है। एजेंसी ने FIR दर्ज कर सात सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है और अब तक तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ की हत्या के लिए करीब 70 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को “सिग्नल ऐप” के जरिए लोकेशन और फोटो भेजी जाती थी।
CBI की जांच में पता चला है कि हत्या की पूरी साजिश मध्यमग्राम इलाके में रची गई थी। गिरफ्तार आरोपियों मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य ने पूछताछ में एक स्थानीय व्यक्ति का नाम बताया है, जिसने लोकेशन शेयर कर हत्या का आदेश दिया था। एजेंसी अब उस मुख्य साजिशकर्ता की तलाश में जुटी हुई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ चुनाव के दूसरे चरण से पहले ही निशाने पर थे, लेकिन भारी सुरक्षा के कारण पहले हमला नहीं हो सका। करीब एक महीने से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
इस मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। CBI फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश थी या कोई पुराना विवाद।
एजेंसी का कहना है कि मामले में कुछ और साजिशकर्ताओं की भूमिका भी सामने आ सकती है। फिलहाल SIT पश्चिम बंगाल में घटनास्थल की जांच और तकनीकी सबूत जुटाने में लगी हुई है।





