पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर दोबारा मतदान जारी, TMC उम्मीदवार हटने से मुकाबला हुआ दिलचस्प

पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर आज दोबारा मतदान हो रहा है। सभी 285 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। चुनाव आयोग ने पहले हुए मतदान में गड़बड़ी और धांधली की शिकायतों के बाद 29 अप्रैल का चुनाव रद्द कर दोबारा वोटिंग कराने का फैसला लिया था।

सुबह 11 बजे तक करीब 42.83 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि सुबह 9 बजे तक 20.47 फीसदी वोटिंग हुई थी। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

फलता सीट पर मुकाबला अब काफी दिलचस्प हो गया है, क्योंकि मतदान से करीब 48 घंटे पहले जहांगीर खान ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था। उन्हें अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता रहा है।

अब इस सीट पर मुख्य मुकाबला देबांग्शु पांडा और कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मोल्ला के बीच माना जा रहा है। इसके अलावा CPI(M) के शंभुनाथ कुर्मी और कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

फलता सीट को तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। लेकिन जहांगीर खान के चुनाव से हटने के बाद बीजेपी को यहां बड़ा मौका मिलता दिख रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर बीजेपी यहां जीत दर्ज करती है तो विधानसभा में उसकी सीटों की संख्या 208 तक पहुंच सकती है।

यह सीट डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जहां पिछले लोकसभा चुनाव में अभिषेक बनर्जी ने रिकॉर्ड जीत हासिल की थी। ऐसे में फलता का चुनाव TMC के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button