मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट, उन्नाव के 80 गांवों में बाढ़; राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू

दिल्ली। मुंबई समेत कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार सुबह अगले तीन घंटों के लिए मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया। इस दौरान तेज बारिश के साथ हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। विभाग ने महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गंगा किनारे बसे 80 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सड़कों पर नाव चल रही हैं और 100 से ज्यादा परिवारों को घर छोड़कर तंबुओं या किराए के घरों में रहना पड़ रहा है। वहीं मणिपुर में रविवार को भारी बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं। तेलंगाना और उत्तराखंड में भी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया।
हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन की तबाही जारी है। अब तक भूस्खलन और बारिश से 404 लोगों की मौत हो चुकी है। पंजाब में बारिश और बाढ़ से करीब 14 हजार करोड़ रुपए का नुकसान बताया जा रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस बार मानसून की विदाई समय से पहले शुरू हो गई है। रविवार को पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, नागौर, जोधपुर और बीकानेर से मानसून लौट गया। अगले कुछ दिनों में पंजाब और गुजरात के कुछ हिस्सों से भी मानसून की विदाई होगी, जबकि मध्य प्रदेश में यह दो हफ्ते और सक्रिय रहेगा।
देश के अधिकांश हिस्सों से 15 अक्टूबर तक मानसून पूरी तरह लौट जाएगा, लेकिन दक्षिणी राज्यों जैसे कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है।





