बिलासपुर:राजपूत समाज ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ की कार्रवाई की मांग

बिलासपुर: समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा महान योद्धा राणा सांगा के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राजपूत क्षत्रिय समाज ने इस बयान को न केवल अपने समाज, बल्कि पूरे देश के महापुरुषों का अपमान बताते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
महापुरुषों के अपमान पर भड़का क्षत्रिय समाज
राजपूत क्षत्रिय समाज के नेताओं ने सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज में विद्वेष फैलाने वाला करार दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान न केवल समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचाते हैं। समाज के सदस्यों का मानना है कि यह टिप्पणी सुनियोजित तरीके से सांप्रदायिक विभाजन की कोशिश है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ठाकुर विपिन सिंह ने कहा कि राणा सांगा जैसे वीर योद्धा का अपमान पूरे राजपूत समाज का अपमान है, और इसे कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं, बिंदु सिंह ने मांग की कि सांसद के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।
बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि सांसद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अनिल चौहान और निमितेश सिंह ने कहा कि समाज अपने महापुरुषों के सम्मान से कभी समझौता नहीं करेगा और यदि जरूरत पड़ी, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
राजपूत क्षत्रिय समाज की इस मांग से राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।





