राजनांदगांव को मिला ANM नर्सिंग कौशल कॉलेज, युवाओं के लिए खुले नए अवसर

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के आठ जिलों में नर्सिंग कौशल कॉलेजों में ए.एन.एम. (ANM) प्रशिक्षण की अनुमति दिए जाने के फैसले में राजनांदगांव को शामिल किया गया है। यह निर्णय जिले के लिए गर्व का विषय है और स्थानीय युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा में नए अवसर लेकर आया है।
इस उपलब्धि पर राजनांदगांव के विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षात्मक और सामाजिक रूप से अग्रणी राजनांदगांव में ANM नर्सिंग कौशल कॉलेज की अनुमति लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति है।
डॉ. रमन सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025–26 से यह संस्थान 120 विद्यार्थियों की प्रवेश क्षमता के साथ संचालित होगा। इससे जिले के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि अब नर्सिंग जैसी व्यावसायिक और सम्मानजनक शिक्षा के लिए युवाओं को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध होने से शैक्षणिक खर्च भी कम होगा और छात्र अपने पारिवारिक व सामाजिक परिवेश में रहकर पढ़ाई कर सकेंगे।





