राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने SIR में वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने पर मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

उत्तर प्रदेश की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुला पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि उनका और उनकी दो बेटियों राघवी कुमारी और विजयराजेश्वरी कुमारी का नाम जानबूझकर मतदाता सूची से हटा दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया और नाम पुनः जोड़ने की अपील की।

भानवी सिंह ने पत्र में कहा कि उनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज था और वर्ष 2025 की सूची में भी उनका नाम मौजूद था। इसके बावजूद बिना किसी सूचना या आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिए उनका और उनकी बेटियों का नाम हटाया गया। उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में न तो पारदर्शिता का पालन किया गया, न ही विधिसम्मत सत्यापन हुआ।

भानवी सिंह ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि जब उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि किसी का नाम वोटर लिस्ट से नहीं हटेगा, तो अधिकारियों ने किसके दबाव में ऐसा किया। उन्होंने यह भी पूछा कि पुरुषों के नाम सुरक्षित रहते हुए महिलाओं के नाम का काटा जाना क्या न्यायसंगत है और क्या इस तरह की सूची से निष्पक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था की उम्मीद रखी जा सकती है।

उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्यमंत्री से मांग की कि उनके और उनकी बेटियों के नाम तुरंत मतदाता सूची में पुनः जोड़े जाएं। इसके अलावा, यह स्पष्ट किया जाए कि किस अधिकारी ने और किस आधार पर उनका नाम हटाया और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। भानवी सिंह ने कहा कि यह मामला केवल उनके परिवार का नहीं, बल्कि नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button