RAIPUR PRESS CLUB: दिवंगत पत्रकार मुकेश चंद्राकर को दी श्रद्धांजलि, गृहमंत्री रहे मौजूद

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब (RAIPUR PRESS CLUB) ने रविवार को बीजापुर के दिवंगत युवा पत्रकार मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गहरी चर्चा की गई। रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर ने पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या की कड़ी निंदा की और पत्रकारों में बढ़ते आक्रोश का जिक्र किया। उन्होंने यह भी बताया कि बीजापुर के पत्रकारों ने हत्या के बाद कई बार पुख्ता सबूत दिए, लेकिन फिर भी पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई में देरी की।
अध्यक्ष ठाकुर ने यह सुझाव दिया कि हत्या की जांच के लिए बनी SIT में बस्तर संभाग के किसी पुलिस अधिकारी को शामिल न किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय या अन्य जिलों से बेदाग छवि वाले अधिकारियों को शामिल किया जाए। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकारों ने घटना की निंदा करते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून में जरूरी बदलाव की अपील की।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने भी मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पत्रकारों को आश्वासन दिया कि वे उनकी मांग मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे और राज्य में एक मजबूत पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने का प्रयास करेंगे। भा.ज.पा. के प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी और सह-मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने भी पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार मामले में उचित जांच और कड़ी कार्रवाई करेगी।
श्रद्धांजलि सभा और पत्रकार सुरक्षा पर आयोजित विचार-गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल शर्मा, रामावतार तिवारी, राजकुमार सोनी, संजीव गुप्ता, अनिरुद्ध दुबे, पीसी रथ, राजेश मिश्रा ने अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव डॉ. वैभव शिव पांडेय, उपाध्यक्ष संदीप शुक्ला, कोषाध्यक्ष रमन हलवाई, संयुक्त सचिव तृप्ति सोनी, अरविंद सोनवानी समेत बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद थे।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर प्रेस क्लब में दिवंगत पत्रकार मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पत्रकारों ने हत्याकांड के बाद जांच से जुड़ी अहम बातों पर ध्यान दिलाया। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने SIT के माध्यम से हर बिंदु पर जांच करने और मामले में चार हफ्ते के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।





