रायपुर में विस्फोटक सामग्री मामले में बड़ा खुलासा, महापौर का रिश्तेदार गिरफ्तार

राजधानी रायपुर में बम बनाने की संदिग्ध सामग्री मिलने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय देवांगन के रूप में हुई है, जो बीरगांव नगर निगम के महापौर का रिश्तेदार बताया जा रहा है। आरोपी को खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से पकड़ा गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
रावाभाठा इलाके में मिला था संदिग्ध सामान
जानकारी के मुताबिक, 7 मई को पुलिस को रावाभाठा इलाके में एक संदिग्ध युवक के पास पिस्टल और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मौके से लो एक्सप्लोसिव इंटेंसिटी सामग्री, बैटरी, वायर, दो बोतल केमिकल और डेटोनेटर बरामद किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच में शामिल किया गया था।
फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सामग्री मिलने के बाद आरोपी विनय देवांगन फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह विस्फोटक सामग्री क्यों जुटा रहा था और इस मामले में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से तो जुड़ा नहीं है। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
राजनीतिक रिश्तों को लेकर भी चर्चा तेज
गिरफ्तार आरोपी विनय देवांगन को बीरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला बताया जा रहा है। घटना सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर की जा रही है और मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी के नेटवर्क और बरामद सामग्री के स्रोत की जांच में जुटी हुई है।





